चंडीगढ़। इंडस्ट्रियल एरिया स्थित रेनबो वेब वर्ल्ड में रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की ओर से जेई (जूनियर इंजीनियर) के पदों पर भर्ती के लिए करवाए जा रहे कंप्यूटर बेस्ड सीबीटी स्टेज वन के पेपर के दौरान नकल करवाने का मामला सामने आया था। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने जांच के बाद अब अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसका खुलासा रेलवे भर्ती बोर्ड के चेयरमैन की ओर से चंडीगढ़ एसएसपी को भेजे गए पत्र से हुआ था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में गिरफ्तारी भी होगी।
रेलवे भर्ती बोर्ड के चीफ आफिस सुपरिंटेंडेंट दिनेश बिष्ट ने पुलिस को बताया कि रेलवे में भर्ती के लिए लिखित पेपर के लिए डिपार्टमेंट ने इंडस्ट्रियल एरिया फेस दो स्थित रेनबो वेब वर्ल्ड कंपनी को हायर किया था। बीते 26 मई को रेलवे बोर्ड के पास एक कैंडिडेट की ईमेल आया। जानकारी मिली कि पेपर के दौरान इनविजिलेटर कैंडिडेट के सवालों के जवाब सॉल्व करवाता है। इसके बाद इसकी सूचना रेलवे बोर्ड के डिप्टी सेक्रेटरी को दी गई। मामला संज्ञान में आने के बाद डिप्टी सेक्रेटरी ने तुरंत कंपनी से सीसीटीवी फुटेज मांगी। फुटेज में पेपर के दौरान एक इनविजिलेंटर कैंडिडेट के सवालों के जवाब सॉल्व करता हुआ दिखा। इसके बाद रेलवे भर्ती बोर्ड ने मामले की शिकायत बीते 28 मई को चंडीगढ़ पुलिस की एसएसपी को दी। मामला संज्ञान में आने के बाद एसएसपी ने जांच का जिम्मा सेक्टर 31 थाना पुलिस को सौंपा। जांच के बाद चीफ आफिस सुपरिंटेंडेंट दिनेश बिष्ट के बयानों पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शुरुआती जांच करते हुए कंपनी के कर्मचारियों का रिकार्ड जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
इन पदों पर होनी हैं भर्तियां
आरआरबी जेई सीबीटी स्टेज 1 के जरिये जूनियर इंजीनियर (जेई), डिपो मैटीरियल सुपरिंटेंडेंट और केमिकल मेटालर्जिकल असिस्टेंट समेत अन्य पदों पर भर्तियां होनी हैं। सीबीटी स्टेज 1 पास करने वाले स्टूडेंट सीबीटी स्टेज सेेकेंड की परीक्षा में हिस्सा लेंगे। फाइनल रिजल्ट आने के बाद आरआरबी जेई पद के लिए चयनित स्टूडेंट को चुुनेगी।