गन प्वाइट पर युवक की धुनाई, अपहरण की कोशिश
- पटियाला से स्कॉर्पियों में पीटने आए थे लोग
- पिटाई से पैर में हुआ फ्रैक्चर, हाथ में जख्म
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। स्कॉर्पियो में सवार होकर पटियाला से आए कुछ लोगों ने एक युवक को घर से बाहर बुलाकर गन प्वाइंट पर लेकर जमकर धुनाई की। इसके बाद उन्होंने युवक को गाड़ी में जबरन डालने की कोशिश की, लेकिन वहां लोगों की भीड़ इकट्ठी होने के कारण आरोपी मौके से भाग निकले। वहीं स्कॉर्पियों सवार लोगों की पिटाई से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सेक्टर-17 स्थित इंदिरा कालोनी का है। घायल युवक की पहचान रवि (27) के रूप में हुई है।
पीड़ित के भाई विशाल ने बताया कि उसका भाई रवि सेक्टर-8 स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। ऑफिस वर्क के लिए फैक्टरी मालिक ने भाई के नाम किस्तों पर होंडा कंपनी की एक एक्टिवा निकलवा ली। इसके कुछ समय बाद भाई ने वहां से नौकरी छोड़ दी और बाइक की किस्त जाती रही। इस दौरान फैक्टरी मालिक एक मामले में जेल चला गया और किस्त टूट गई। जब एक्टिवा कंपनी के लोग पैसे लेने आए तो उसने बताया कि वह जॉब छोड़ चुका है और एक्टिवा फैक्टरी में ही है। विशाल ने बताया कि इस मामले में रवि ने फैक्टरी मालिक से जेल में जाकर बात की तो उन्होंने कहा कि वह इस माह की किस्त अपनी तरफ से भर दे। वह पटियाला में रहने वाली पत्नी या साले से पैसा भिजवा देंगे। लेकिन जब अगले माह तक पैसे नहीं आए और अगली किस्त की तारीख नजदीक आ गई तो रवि ने मालिक के साले से फोन पर पैसे मांगे।
विशाल का आरोप है कि मालिक के साले ने कहा कि वह पटियाला से पंचकूला आकर पैसे देगा। सोमवार शाम को वह पांच-छह लड़कों के साथ स्कॉर्पियों में सवार होकर पंचकूला पहुंचा और पैसे देने के बहाने रवि को घर से बाहर बुला लिया। जहां उन्होंने गन प्वाइंट पर लेकर लाठी, डंडों और हॉकी से जमकर पिटाई की, जिससे रवि का पैर फ्रैक्चर हो गया और हाथ में गहरे घाव हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उसे गाड़ी में डालकर लेने जाने की भी कोशिश की, लेकिन लोगों की भीड़ जमा हो जाने के कारण वह उसे वहीं छोड़कर भाग निकले। लोगों ने उसे सेक्टर-6 सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।