फ्लैग: सेक्टर-20 में सट्टेबाजी के दौरान फायरिंग का मामला
प्रॉपर्टी के काम से दोस्त के साथ आए थे दोनों दोस्त
- दम तोड़ने वाले युवक का शव परिजनों को सौंपा
- फायरिंग में दो अन्य घायलों के बयान दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-20 में सट्टेबाजी के दौरान हुई फायरिंग में दम तोड़ने वाले खरड़ निवासी दीपक के शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है। इसके बाद पुलिस ने फायरिंग में घायल दो अन्य लोगों के बयान शुक्रवार को दर्ज कर लिए हैं। गौरतलब है कि दीपक ने वीरवार रात करीब पौने 11 बजे पीजीआई में दम तोड़ दिया था। क्योंकि दीपक की कनपटी को चीरते हुए गोली निकल गई थी। जिससे उसके सिर से काफी खून बह गया था।
थाना प्रभारी अजय दिसोदिया ने बताया कि इस केस के आईओ सब इंस्पेक्टर सुरजीत ने अन्य दोनों घायल युवकों के बयान दर्ज कर लिए हैं। सेक्टर-छह में उपचाराधीन सन्नी ने बयान में बताया कि वह सेक्टर-20 में अपने दोस्त के पास प्रॉपर्टी के काम से आया था। उस समय उसके पास एक मोबाइल फोन व 30 हजार रुपये नकद थे। उसने बताया कि शोरूम में पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही वहां पर आठ से दस लड़के आए और उन्होंने सभी को बंधक बना लिया। इसके बाद मोबाइल फोन व सभी से नकदी छीन ली। इस दौरान वहां से जब एक युवक ने भागने की कोशिश की तो उन्होंने उस पर गोली चला दी और उस समय अपनी जान बचाने के लिए वह भी शोरूम की पहली मंजिल से नीचे कूद गया। वहीं सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में उपचाराधीन मनोज कुमार ने बताया कि वह वहां पर अपने दोस्त को मिलने आया था। जब वह शोरूम में पहुंचा तो वहां सब लोग ताश खेल रहे थे।
डेढ़ साल पहले हुई थी दीपक की शादी
दीपक के भाई ने बताया कि वह मोहाली फेस सात में रहता है और उसका भाई दीपक माता-पिता व पत्नी खरड़ में रहते थे। उसने बताया कि दीपक की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी और वह कपड़ा बेचने का कारोबार करता था। वहीं जब मनोज कुमार के परिजनों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह काफी समय से चंडीगढ़ स्थित बापूधाम में रहते हैं और मनोज का अपना डीजे का कारोबार है। जब उनसे यह पूछा गया कि मनोज सट्टा भी खेलता है तो उन्होंने इस बात से इनकार कर दिया। वहीं जब सन्नी के परिजनों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सन्नी अपने परिवार के साथ मनीमाजरा में रह रहा है और वह अपना मोबाइल का कारोबार करता है।