हादसे में दादा और पौत्र की मौत
अबोहर। गांव खुईयां सरवर के निकट शनिवार बाद दोपहर हुए सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई जबकि उसका पौत्र घायल हो गया। हालत गंभीर होने पर घायल को श्रीगंगानगर रेफर किया गया है। वहां इलाज के दौरान पौत्र ने भी दम तोड़ दिया।
गांव खुईयां सरवर निवासी करीब 65 वर्षीय रामपाल शनिवार अपने घर के बाहर एक जलेबी की रेहड़ी के पास अपने ढाई वर्षीय पोते मुनीश के साथ खड़े थे। इसी दौरान अचानक विपरीत दिशा से आ रही पिकअप ने एक पिलर में टक्कर मार दी। इससे पिलर टूट कर दादा और पौत्र पर गिर गया। हादसे में रामपाल की मौत हो गई और पौत्र मुनीश घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर नर सेवा नारायण सेवा के सदस्य रणजीत व सोनू ग्रोवर मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे श्रीगंगानगर भेज दिया गया। वहां इलाज के दौरान मुनीश ने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद से पिकअप चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। थाना खुईयां सरवर पुलिस ने गाड़ी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।