सीसीटीवी फुटेज से दबोचे गए 3 लुटेरे
डीएसपी की अगुवाई में लूटपाट की योजना बनाते समय पकड़ा गया
1.32 लाख रुपये, तीन मोबाइल, सोने-चांदी जेवर, दो बाइक बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
फाजिल्का। लूटपाट गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से तीन मोबाइल, चांदी व अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों को सीसीटीवी फुटेज की मदद से काबू किया गया है।
एसएसपी डॉ. केतन बलिराम पाटिल ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि पिछले लंबे समय से लूट की वारदातों पर पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से नजर रख रही थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर उन्होंने डीएसपी वैभव सहगल की अगुवाई में टीम गठित की। टीम ने गांव वल्लेशाह उताड़ निवासी हरजिंद्र सिंह, अमनप्रीत सिंह व गांव हस्ता कलां निवासी मंगा उर्फ मंगी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों छीनाझपटी की पांच वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की। इनमें से दो को ट्रेस कर लिया गया है।
एसएसपी ने बताया कि तीनों ने बीती 16 जून को एक महिला से पर्स छीना था। इसके बाद पांच सितंबर 2को मुसाफिर गैंस एजेंसी के निकट एक्टिवा सवार वृद्ध महिला का भी पर्स छीना था। एसएसपी तीनों में से अमनप्रीत सिंह व मंगी वारदात को अंजाम देने से पहले रैकी करते थे। पुलिस ने उक्त तीनों की निशानदेही पर 1 लाख 32 हजार रुपये, सोने की तीन अंगुठियां, दो चांदी की अंगुठियां, चार मोबाइल और एक मोतियों की चेन बरामद की। साथ ही उक्त तीनों से लूट की वारदात में इस्तेमाल किए गए दो बाइक बरामद की है। आरोपी अमनप्रीत पर पहले से चोरी का एक मामला दर्ज है।