चिट फंड कंपनी कर्मी से एक लाख की लूट
बाइक सवार चार नौजवानों ने की वारदात
लुटेरों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा । थाना बधनी कलां अधीन गांव बुट्टर में एक बाइक पर सवार चार ा नौजवान ने मखू स्थित अप मनी लिमिटेड कंपनी के क्षेत्रीय अफसर के पास से एक लाख 900 रुपये लूटकर फरार हो गए। लुटेरों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
डीएसपी (आई) हरिंदर सिंह डोड के मुताबिक यहैना (21) पुत्र मलकीत गिल निवासी तलवंडी निपाला थाना मक्खू (फिरोजपुर) ने बताया कि वह अप मनी लिमिटेड कंपनी में बतौर क्षेत्रीय अफसर काम कर रहा है। कंपनी लोगों को छोटे कर्ज देती है और वह हर सप्ताह किश्तों की वसूली करने आता है। वह गांव बुट्टर में दो घरों से उगाही करके तीसरे घर से किश्त लेकर बाहर निकला। इस दौरान लुटेरे उसका बैग छीन कर काले रंग के पल्सर बाइक पर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर थाना बधनी कलां के एसएचओ पलविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। फुटेज से पता लगा कि चारों व्यक्ति बाइक पर सवार थे और वह गांव की गलियों के वाकिफ लग रहे थे। उन्होंने कहा कि शक किया जा रहा है कि या तो चारों इसी गांव केे निवासी हैं या फिर उन्होंने लूट से पहले रेकी की हो। उन्होंने कहा कि गांव में सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है।
इसके अलावा अमृतसर रोड पर आईडीबीआई बैंक में तैनात गगन शर्मा की पत्नी दिव्य शर्मा से नकाबपोश बाइक सवार पर्स छीन कर ले गए। पीड़ित ने बताया घटना के वक्त वह स्कूल से अपने बच्चों के साथ रिक्शे पर घर लौट रही थी। पर्स में मोबाइल फोन, नकदी, एटीएम कार्ड आदि थे।