डीसी के पीएसओ को थाने में ले जाकर रातभर पीटा
थाना सिटी के एएसआई पर केशों व पगड़ी की बेअदबी का आरोप
पुलिस ने कहा-पीएसओ ने शराब के नशे में एडीसी दफ्तर के मुलाजिम को निकाली थी गालियां
अमर उजाला ब्यूरो
रोपड़। डिप्टी कमिश्नर के पीएसओ ने पंजाब पुलिस के एएसआई समेत अन्य मुलाजिमों पर रात के समय अवैध तौर पर हवालात में रखकर पिटाई करने के आरोप लगाए हैं। पीएसओ ने कहा कि डीसी के पूर्व पीए की शह पर ही पुलिस ने उसके साथ ऐसा व्यवहार किया। डीसी सुमित जारंगल के साथ तैनात पंजाब पुलिस के एएसआई दलजीत सिंह पुत्र बचन सिंह वासी गांव कोटला निहंग ने सिटी थाना में तैनात एएसआई कृष्ण लाल समेत अन्य पुलिस मुलाजिमों पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। सरकारी अस्पताल में दाखिल एएसआई दलजीत सिंह ने कहा कि बुधवार को देर रात को वह एक विवाह समारोह से वापस आ रहे था तो एएसआई कृष्ण लाल ने अन्य पुलिस मुलाजिमों के साथ उसे रास्ते में रोककर धक्के से गाड़ी में धकेल लिया। इस दौरान एएसआई समेत पुलिस मुलाजिम उसके साथ मारपीट करते हुए उसे सिटी थाने में ले गए और वहां हवालात में बंद कर उसकी पिटाई की। दलजीत सिंह ने कहा कि पुलिस ने उसकी दाढ़ी के केशों और पगड़ी की बेअदबी भी की। पूरी रात उसके साथ दुर्व्यवहार करने के बाद सुबह चार बजे उसके परिवार को सूचना दी। जिसके बाद उसकी मां, भाई तथा पत्नी सिटी थाने में पहुंचे तो उनके सामने भी एएसआई ने उसे गालियां निकालीं। दलजीत सिंह ने कहा यह सब पुलिस ने डीसी के पूर्व पीए और एडीसी दफ्तर के मुलाजिम दर्शन कुमार की शह पर किया। एएसआई दलजीत सिंह ने कहा कि उसने कभी सोचा नहीं था कि पुलिस अपने पुलिस मुलाजिम के साथ ही इस तरह कर सकती है। उन्होंने एएसआई कृष्ण लाल समेत उसके साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिस मुलाजिम और एडीसी दफ्तर के मुलाजिम दर्शन कुमार पर कार्रवाई की मांग की है। जबकि दलजीत सिंह की मां कुलदीप कौर ने कहा कि पुलिस ने साढे़ चार बजे उन्हें दलजीत के थाने में होने की सूचना दी। उन्होंने कहा कि पूरी रात उनका बेटा हवालात में पानी के लिए तरसता रहा और उसे पानी तक नहीं पिलाया। उन्होंने कहा कि दलजीत को काफी चोटें लगी थीं। पुलिस ने उन्हें दलजीत को थाने से ले जाने के लिए कहा। जिसके बाद उन्होंने दलजीत सिंह को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। कुलदीप कौर ने कहा कि एएसआई कृष्ण लाल ने उनके सामने भी दलजीत सिंह की पिटाई करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने में बीच में आकर उसे छुड़वाया। इस दौरान एएसआई दलजीत सिंह का भाई दविंदर सिंह तथा उसकी पत्नी कृपाल कौर भी मौजूद थी। वहीं एएसआई कृष्ण लाल ने बताया कि उन्होंने दर्शन कुमार की शिकायत पर उसके घर के बाहर से डीसी के पीएसओ को शराब के नशे में पकड़ा और इसका मेडिकल कराया। उन्होंने पीएसओ के आरोपों को नकार दिया।
एसपी बोले- शिकायत थी इसलिए लाया गया थाने
एसपी (डी) बीए रंधावा ने कहा कि डीसी के पीएसओ दलजीत सिंह ने दर्शन कुमार के घर पर जाकर उसके साथ गाली गलौज की और दर्शन कुमार की शिकायत पर ही उसे थाने में लाया गया। उन्होंने कहा कि दलजीत सिंह का मेडिकल भी करवाया गया है, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने दलजीत सिंह के साथ पिटाई करने तथा उसके केशों की बेअदबी करने के आरोपों पर कहा कि ऐसा नहीं हुआ है।
मुझे घर आकर धमकाया था : दर्शन कुमार
डिप्टी कमिश्नर के पूर्व पीए तथा एडीसी दफ्तर के मुलाजिम दर्शन कुमार ने कहा कि एएसआई दलजीत सिंह ने उसके घर पर आकर उसके साथ गाली गलौज की और शराब के नशे में बुरा भला कहा। उन्होंने कहा कि दलजीत सिंह ने उसे जान से मारने की धमकियां भी दी जिसके बाद उनके द्वारा पुलिस को शिकायत की गई।