नशा तस्करी के शक में कांग्रेस नेता के घर पर छापामारी
पुलिस बोली-पुराने तस्करों एवं शकी लोगों पर नशा रोको मुहिम तहत छापेमारी
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा। थाना अजीतवाल अधीन गांव ढुड्डीके में रविवार सुबह सुबह स्थानीय सीआईए स्टाफ ओर थाना अजीतवाल पुलिस ने नशा रोको मुहिम के तहत पूर्व ब्लाक कांग्रेस प्रधान के घर पर छापामारी की। इस मौके कोई भी नशीली वस्तु बरामद नहीं हुई लेकिन कांग्रेस नेता के बेटे को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की।
सीआईए स्टाफ प्रमुख इंस्पेक्टर किक्कर सिंह ओर थाना अजीतवाल प्रमुख इंस्पेक्टर रविंदर सिंह ने इस छापामारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि छापेमारी दौरान कोई भी नशीली वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस के मुताबिक जिस व्यक्ति के घर छापामारी की गई है। उसके और उसके भाई खिलाफ पहले नशा तस्करी के कई केस दर्ज है। कुछ का निपटारा हो चुका और कुछ अदालत में सुनवाई अधीन हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और पंजाब पुलिस प्रमुख सुरेश अरोड़ा एवं जिला पुलिस प्रमुख गुरप्रीत सिंह तूर के दिशा निर्देशों के तहत नशा रोको मुहिम के तहत पुराने तस्करों और अन्य लोगों पर छापेमारी की जा रही है। इस गांव के पूर्व सरपंच एवं कांग्रेस के प्रदेश नेता सतनाम सिंह संदेशी ने कहा कि पिछले कई वर्षों से ये व्यक्ति ऐसा काम नहीं करते और अब मनी ट्रांसफर / वेस्टर्न यूनियन का कारोबार कर रहे हैं। उनके घर पुलिस की ओर से छापामारी दौरान कोई भी नशीली वस्तु बरामद नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस उनके लड़के को साथ ले गई थी।