नहीं लगा कांग्रेस नेता के कातिलों का सुराग
चौथे दिन भी पुलिस के हाथ खाली, आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा
अमर उजाला ब्यूरो
मानसा। रविवार की शाम मानसा कैंचियां चौक पर गोलियां मारकर कत्ल किए कांग्रेसी नेता सुखविंदर सिंह बग्गी जटाना के मामले में चौथे दिन भी पुलिस के हाथ खाली रहे। फिलहाल कुछ अधिकारी यह मामला जल्दी ही हल करने का दावा कर रहे है। पुलिस ने अभी तक इस संबंधी कोई भी खुलासा नहीं किया। दूसरी और मृतक के साथियों में मुलजिमों को गिरफ्तार न करने और ठोस कार्रवाई न करने को लेकर रोष पाया जा रहा है।
थाना सदर मानसा के प्रमुख मोहन लाल का कहना है कि यह मामला काफी हद तक हल कर लिया गया है। जल्दी ही पुलिस इस का खुलासा कर देगी। बताया जा रहा है कि पुलिस कुछ व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक बग्गी के दोस्त अमनदीप सिंह निवासी जटाना कलां ने पुलिस पर दोष लगाते कहा है कि उनकी तरफ से कुछ व्यक्तियों की पहचान करने का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी कुछ व्यक्तियों ने कत्ल की जिम्मेवारी ली है, इसके बावजूद पुलिस उन व्यक्तियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस कत्ल मामले में हमलावर गांव से ही बग्गी के पीछे लगे थे, जिनकी पहचान करना और उनको पकड़ना कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने कहा कि इसमें इस बड़े कत्ल कांड मामले में पुलिस का रोल संतोषजनक नहीं है। दूसरी और एसएसपी मानसा परमबीर सिंह परमार का कहना है कि जल्द ही यह मामला हल कर लिया जाएगा। पुलिस पार्टियां लगातार काम कर रही हैं।