सड़क हादसों में दो किसानों समेत तीन की मौत
ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से किसान की गई जान
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा।
मोगा में विभिन्न सड़क हादसों में दो किसानों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। थाना सदर प्रमुख इंस्पेक्टर जेजे अटवाल ने बताया कि शहर की सीमा पर मोगा-जीरा रोड पर ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार किसान जोरा सिंह (55) निवासी गांव खोसा रणधीर की मौत हो गई।
थाना धर्मकोट के अधीन मोगा-धर्मकोट रोड पर गांव फतेहगढ़ कोरोटना में गुरमेल सिंह गेला (50) की क्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि गुरमेल सिंह निवासी गांव कुसा काफी समय से लोहारा चौक में गबर के ढाबे पर रहता था। वह फतेहगढ़ कोरोटाना किसी काम कार गया था तो सड़क पार करते समय क्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
इस तरह गांव भिंडर कलां में बेकाबू बाइक के पेड़ से टकराने से बाइक चालक बिंदर सिंह (40) निवासी गांव पंडोरी खत्तरिया हाल आबाद जीरा की मौत हो गई। एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि मृतक बिंदर सिंह अपने बेटे संदीप सिंह के साथ वीरवार देर रात अपनी बाइक पर बेटी से मिलने गांव भिंडर कलां जा रहा था। गांव भिंडर कलां के पास पिपली वाला मोड़ के पास पहुंचे तो अंधेरा होने से आगे किसी वाहन की तेज लाइटें होने से बाइक चालक संतुलन खो बैठा। इससे मोटरसाइकिल बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में बिंदर सिंह की मौत हो गई।