छह किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
भवानीगढ़ मंडी से लाकर फिरोजपुर में बेचते थे ऊंचे दामों पर
फिरोजपुर।
पुलिस ने छह किलो अफीम के साथ बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है। राजस्थान की भवानीगढ़ मंडी से आरोपी अफीम थोक में लाकर, मिलावट के बाद पंजाब में बेचते थे। पुलिस इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए अफीम के नेटवर्क को तोड़ने का दावा कर रही है।
एसएसपी भूपंद्र सिंह सिद्दू ने बताया कि 26 जनवरी को सुरक्षा के मद्देनजर मल्लावाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत पड़ते गांव गुरदत्तीवाला से गुजरती नहर के पास पुलिस ने नाका लगाया था। इस दौरान बाइक सवार हरबंस सिंह (28) और बलदेव सिंह (50) वासी नवां गुरदत्तीवाला को संदेह होने पर रोका गया। तलाशी के दौरान दोनों से तीन-तीन किलो अफीम और ड्रग मनी के रूप में 12500 रुपये बरामद हुए। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह अफीम मध्य प्रदेश राजस्थान बार्डर पर स्थित भवानीगढ़ मंडी से थोक में लाते हैं। इसका वह प्रति किलो 1.60 रुपये वहां पर भुगतान करते हैं। यहां लाने के बाद वह इसमें मिलावट करते हैं फिर बेचते हैं। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में अब तक माना है कि वह इससे पहले एक किलो अफीम और एक क्विंटल भुक्की लाकर बेच चुके हैं।
एसएसपी सिद्धू ने बताया कि बाप-बेटे कि गिरफ्तारी से इलाके में नशे की सप्लाई लाइन तोड़ने में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस भवानीगढ़ में थोक में अफीम का कारोबार करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करेगी। इसके लिए आरोपियों के साथ पुलिस टीम वहां जाएगी। साथ में यह लोग स्थानीय स्तर पर किनको अफीम बेेचते थे उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरोपियों को पकड़ने वाले सीआईए इंस्पेक्टर अवतार सिंह और एएसआई सुखदर्शन सिंह को बधाई दी।