तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
देर-रात तक नहीं हो सकी मृतक की पहचान, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-55,56 की डिवाइडिंग रोड पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। घटना बुधवार रात करीब 9 बजे की है। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर लगते ही साइकिल सवार दूर जा गिरा और लहूलुहान हो गया। हादसे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस घायल व्यक्ति को पीजीआई ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस कंट्रोल रूम पर बुधवार रात करीब 9 बजे सूचना मिली कि सेक्टर-55,56 की डिवाइडिंग रोड के पास के एक्सीडेंट हुआ है। सूचना पाकर पीसीआर और पलसोरा चौकी पुलिस वहां पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को शुरुआती जांच में घटनास्थल से बाइक (पीबी65 एटी 8418) और साइकिल क्षतिग्रस्त हालत में मिली। जांच में पता लगा कि मृतक की उम्र करीब 40 साल थी। खबर लिखे जाने तक पुलिस बाइक और साइकिल को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों और बाइक चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।