खुले में पी शराब, 60 गिरफ्तार
पब्लिक प्लेस पर शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस ने चलाया अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
पब्लिक प्लेस पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने 60 लोगों को शनिवार गिरफ्तार किया। शहर के अलग-अलग थानों में सामने आए मामलों में पुलिस ने सभी के खिलाफ 68-1(बी) पंजाब पुलिस एक्ट 2007 और 510 आईपीसी के तहत केस दर्ज किए हैं। पुलिस ने सभी का मेडिकल करवाकर उन्हें थाने से ही जमानत दे दी।
शनिवार को शहर के सभी थानों में खुले में शराब पीने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ स्पेशल ड्राइव चलाई गई। इस दौरान सेक्टर-3, सेक्टर-11 थाना पुलिस ने 3-3, सारंगपुर व सेक्टर-19 ने 5-5, सेक्टर-26 और इंडस्ट्रियल एरिया थाने ने 4-4, मनीमाजरा ने 7, आईटी पार्क थाने ने 5, मौलीजागरां थाना पुलिस ने 3 लोगों को खुले में शराब पीते पकड़ा।
इसके अलावा सेक्टर-31 थाना पुलिस ने 5, सेक्टर-49 थाने ने 1, सेक्टर-34 थाने ने दो, सेक्टर-36 थाने ने 6, सेक्टर-39 थाने ने तीन और मलोया थाना पुलिस ने 4 लोगों को शराब पीते पकड़ा। पुलिस खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ आगे भी स्पेशल ड्राइव चलाती रहेगी।