टीन कॉलोनी के गटर में फेंका पांच महीने के बच्चे का भ्रूण
-पुलिस टीन कॉलोनी व कजहेड़ी निवासी गर्भवती महिलाओं का मेडिकल रिकॉर्ड नहीं जुटा सकी
-भ्रूण के गटर में फंसने से जाम हुए सीवरेज सिस्टम को खोलने पहुंचे थे नगर निगम कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
सेक्टर-52 की टीन कॉलोनी में मंगलवार की सुबह जाम पड़े सीवरेज सिस्टम की सफाई करते समय नगर निगम के कर्मचारियों को गटर में एक बच्चे का भ्रूण पड़ा मिला। इससे कॉलोनी में हड़कंप मच गया। सूचना पर सेक्टर-61 चौकी के इंचार्ज एसआई ओम प्रकाश सहित अन्य पुलिसकर्मा मौके पर पहुंचे। नगर निगम कर्मचारियों ने बताया कि बंद पड़े सीवरेज सिस्टम की सफाई करते समय पब्लिक टॉयलेट से सटे एक गटर की सफाई के दौरान उन्हें गटर में कुछ अजीब किस्म का चीज फंसा दिखाई दिया। उसे बाहर निकालने पर पता लगा कि बच्चे का भ्रूण है। कर्मचारियों ने बताया कि भ्रूण का शारीरिक आकार पूरी तरह बना दिखाई दिया। थाना-36 पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
रिकॉर्ड जुटाने में अभी नहीं मिली सफलता
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस तो दर्ज किया, लेकिन मंगलवार को पुलिस सेक्टर-16 जीएमएसएच अस्पताल, सेक्टर-32 जीएमसीएच अस्पताल और पीजीआई सहित अन्य क्लीनिक से गर्भवती महिलाओं के पंजीकृत रिकॉर्ड को हासिल नहीं कर सकी। पुलिस सेक्टर-52 की टीन कॉलोनी निवासी गर्भवती महिलाओं का मेडिकल रिकॉर्ड भी नहीं जुटा पाई। इससे यह पता नहीं लग सका है कि हाल ही में किस महिला का गर्भपात हुआ है।
छह सौ मीटर की है सीवरेज पाइप
कजहेड़ी की सीवरेज पाइप से टीन कॉलोनी को पहुंची सीवरेज पाइप लाइन करीब 600 मीटर की बताई गई। मुख्य सीवरेज पाइप लाइन से आगे अन्य सीवरेज पाइप के जरिए पूरी कॉलोनी को कवर किया गया है। टीन कॉलोनी के चौतरफा चार अलग-अलग पब्लिक टॉयलेट्स रखे गए हैं, लेकिन उनकी पाइप अधिक संकीर्ण होने के चलते बरामद भ्रूण का उनसे होकर बड़े गटर तक पहुंचना मुश्किल बताया गया। कयास लगाए जा रहे हैं कि अज्ञात आरोपी ने गटर के ढक्कन को उठाकर भ्रूण को उसमें फेंका होगा। जिस गटर से भ्रूण बरामद किया गया, उसी लाइन में करीब 10 अन्य गटर और हैं। चौकी इंचार्ज ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और अस्पतालों से मेडिकल रिकॉर्ड जुटाने के प्रयास भी जारी हैं।