चूरा पोस्त पकड़ने गई पुलिस को ग्रामीणों ने घेरा
- गांव चंद नवा में रिश्वत लेकर तस्कर को छोड़ने का लगाया आरोप
- पुलिस टीम पर लगाया छापे के दौरान बच्चे की पिटाई का भी आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
मोगा ।
गांव चंद नवा में मुखबिर की मदद से नशा तस्करों को पकड़ने के लिए छापा मारने गई पुलिस की नारकोटिक्स सेल की टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस ने रिश्वत लेकर एक तस्कर को छोड़ दिया है। गुस्साए लोगों से बचने के लिए पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचा एक व्यक्ति जब कार में सवार होकर वहां से जाने लगा तो हड़बड़ाहट में उनकी कार एक पत्थर से टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस के साथ आए कुछ लोगों ने दबिश के दौरान एक बच्चे की मारपीट की है। टीम की नेतृत्व कर रहा एएसआई सरपंच के घर जा पहुंचा तो लोग वहां भी जा धमके और टीम के साथ आए अन्य लोगों को भीड़ के सामने लाने की मांग की। इस घटना की सूचना मिलते ही थाना बाघापुराना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को शांत किया।
नारकोटिक ड्रग सेल में तैनात एएसआई पहाड़ा सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नशा तस्करी के लिए बदनाम गांव दौलेवाला के तस्कर गांव चंद नवा में चूरा पोस्त बेचने पहुंचे हैं। उन्होंने छापा मारी की तो लोग पुलिस से उलझ पड़े। इतने में मौका पाकर तस्कर फरार हो गए। एएसआई ने गांव के लोगों की ओर से रिश्वत लेकर तस्कर छोड़ने के आरोपों को झूठा एवं बेबुनियाद बताते कहा कि उन्होंने सीनियर पुलिस अफसरों को इस बारे में जानकारी दे दी है। उधर गांव के लोगों ने आरोप लगाया कि एएसआई और उसके साथ आए अन्य व्यक्तियों की ओर से तस्कर का साथी बताए जाते एक बच्चे की बेरहमी से पिटाई की गई। इसी वजह से पुलिस का घेराव किया गया। फ़ोटो कैप्शन - गाँव चन्द नया में लोगों की तरफ से घेरी पुलिस