तलवाड़ा (होशियारपुर)।
जालंधर के एक सब्जी के व्यापारी के ड्राइवर और मुनीम टांडा से लेकर तलवाड़ा तक सब्जी मंडियों के आढ़तियों से पैसे का कलेक्शन लेकर जालंधर जा रहे थे। गांव ललौता के पास हथियार बंद लुटेरों ने उनसे चार लाख रुपये छीन लिए।
थाना तलवाड़ा पहुंचे मालिक दविन्द्र नारंग ने बताया कि सोमवार सुबह उनका मुनीम शशि भूषण उर्फ मोंटू और ड्राइवर सतनाम सिंह उनकी गाड़ी नंबर पीबी 08 डीई 1592 पर सब्जी मंडी के आढ़तियों से कलेक्शन पर आए हुए थे। नारंग ने बताया कि टांडा, दसूहा, मुकेरियां और अंत में तलवाड़ा से जब पैसे इकट्ठा करके वह जालंधर जा रहे थे तो गांव ललौता के पास तीन बाइक सवारों ने उनकी गाड़ी रुकवाई। उन्होंने हथियार दिखाकर पैसाें वाला बैग छीन लिया और फरार हो गए। बैग में चार से पांच लाख रुपये थे। वारदात के बाद एसएचओ हाजीपुर, एसएचओ तलवाड़ा, एसएचओ मुकेरियां और डीएसपी मुकेरियां ने अपनी पुलिस टीम के साथ विशेष सर्च अभियान शुरू किया। एसएसपी होशियारपुर ने खुद मौके पर पहुंच कर पीड़ितों से घटना का हाल जाना।