नकली चाबी से मालखाने में छेड़छाड़ करने वाला सहायक थानेदार गिरफ्तार
बीते 11 व 12 मार्च को मालखाने में रखे मादक पदार्थों से छेड़छाड़ का है आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
फाजिल्का।
पुलिस की ओर विभिन्न मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों के मालखाने में नकली चाभी लगाकर छेड़छाड़ करने वाले पुलिस सब इंस्पेक्टर को फाजिल्का पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उसे शनिवार को उसे अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए पांच दिन का रिमांड हासिल किया गया है।
जिला पुलिस प्रमुख केतन बलिराम पाटिल ने बताया कि सब इंस्पेक्टर मेजर सिंह एनडीपीएस मामलों में जब्त किए गए माल के मालखाने का इंचार्ज था। एसएसपी के अनुसार आरोपी ने नकली चाभी से मालखाने में 11 व 12 मार्च को सामान से छेड़छाड़ की है। इसकी जानकारी मालखाने में लगे सीसीटीवी कैमरे से हुई। इस मामले में चार अन्य पुलिस कर्मचारी भी शामिल थे। इसी आधार पर पुलिस ने इनके खिलाफ 1 अप्रैल को मामला दर्ज किया था। एसएसपी ने बताया कि मामला दर्ज होने पहले आरोपी छुट्टी पर था और जब यह मामला दर्ज होने के बाद वह फरार चल रहा था।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर रहे एसपी इनवेस्टीगेशन मुख्तयार सिंह, डीएसपी नरिंदर सिंह, एसआई भोला सिंह मुख्य थाना अफसर फाजिल्का ने शुक्रवार को बाधा रोड पर नाकेबंदी के दौरान जलालाबाद की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की गाड़ी को जांच के लिए रोका तो उसमें से निलंबित सहायक थानेदार मेजर सिंह को काबू किया। जिला पुलिस कप्तान ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि मुख्य आरोपी मेजर सिंह ही है। इस बारे आरोपी का कहना है कि मुझ पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं और मुझे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
-इस समाचार की फोटो एबीआर 5 भेजी जा रही है।
-