दसवीं की छात्रा को अगवा कर दुराचार
पुलिस ने पांच लोगों पर मामला दर्ज किया, फरार
नहर के पास से छात्रा को किया था अगवा
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
थाना कुलगढ़ी के क्षेत्र में पड़ती नहर के पास से दसवीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा को अगवा कर सुनसान जगह पर ले जाकर एक युवक ने अपने साथियों की मदद से उसके साथ दुराचार किया। आरोपी छात्रा को वहीं छोड़ गए। पैदल अपने घर पहुंची पीड़िता ने आपबीती परिजनों को सुनाई। पुलिस ने पीड़ित छात्रा के बयान पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी फरार हैं। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर नवनीत कौर कर रही हैं।
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह अपने चाचा के पास रहती है और पैदल अपने घर जा रही थी। रास्ते में पड़ती नहर के पास उसे आरोपी मनप्रीत सिंह, सर्बजीत कौर, खुशिया, नत्था सिंह और एक बाबा (जिसने काले रंग के कपड़े पहने थे) ने रोक लिया और उसे एक टेंपो में बैठाकर तीन-चार किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर ले गए। वहां मनप्रीत ने अपने साथियों की मदद से उसके साथ दुराचार किया। आरोपी वहीं पर छात्रा को छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता का अस्पताल में मेडिकल करवाया। पीड़िता के बयान पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की तहकीकात कर रही सब-इंस्पेक्टर नवनीत कौर ने बताया कि पीड़िता द्वारा बताई गई घटनास्थल का दौरा किया गया, जहां से उन्हें कई सबूत मिले हैं। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।