देर रात घर लौटी युवती ने लगाया फंदा, मौत
न सुसाइड नोट मिला और न ही खुदकुशी के कारणों का पता चला
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-20 में एक युवती बुधवार की देर रात अपने घर पहुंची और वीरवार तड़के फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। 24 वर्षीय रितु के फंदे से लटके होने का पता सुबह सवा आठ बजे चला, जब उसकी बहन की नींद खुली। रितु को पंखे पर लटकता देख वह चीख पड़ी। उसकी चीख सुनकर अन्य पारिवारिक सदस्य पहुंचे।
स्वास्थ्य विभाग में बतौर सफाई कर्मी कार्यरत उसके पिता सुबह छह बजे ड्यूटी चले गए थे। रितु की बहन ने पिता को फोन कर सूचना दी। इसी बीच आसपास के लोग भी जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-19 थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर देविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रितु को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि की। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस पूछताछ में रितु की बहन ने बताया कि वह बुधवार की रात 12 बजे के बाद घर पहुंची थी। उसके लिए घर के दरवाजे को खुला रखा गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है। मृतका का विसरा जांच के लिए भेजा जाएगा।