कार सवारों ने बाइक चालक को अगवा कर टांगों पर मारे चाकू
खरड़ ले जाकर एटीएम से निकाले दस हजार, गाड़ी से नीचे फेंक कर फरार हुए
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
सेक्टर-4/9 की विभाजित सड़क पर पानी की टंकी के पास से बीते सोमवार रात करीब पौने एक बजे हरियाणा नंबर की कार सवार दो अज्ञात युवकों ने 25 वर्षीय एक बाइक चालक को अगवा कर उस पर चाकुओं से हमला कर 10 हजार रुपये लूट लिए।
अज्ञात अपहर्ताओं का निशाना बने युवक की पहचान सेक्टर-26 मध्य मार्ग स्थित गर्म-धर्म ढाबा में बतौर एजीएम कार्यरत नयागांव निवासी सुरिंदर के रूप में हुई है। अपहर्ता सुरिंदर को अगवा कर कार में डालकर खरड़ ले गए और बीच रास्ते उसकी दोनों जांघ पर तेजधार चाकू से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। इसके बाद अपहर्ताओं ने सुरिंदर से पर्स लूटा और फिर खरड़ ले जाकर उसके एटीएम कार्ड से उसके बैंक खाते से दस हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद अपहर्ता सुरिंदर को खरड़ स्थित सिविल अस्पताल के समीप फेंक कर फरार हो गए। खरड़ पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और उसके आपबीती बताने पर यूटी पुलिस को सूचना दी। थाना-3 के पुलिसकर्मियों ने सुरिंदर से पूछताछ कर सेक्टर-16 जीएमएसएच अस्पताल में उनका मेडिकल करवाया। शिकायत पर थाना-3 पुलिस ने अज्ञात अपहर्ता लुटेरों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अगवा करने व डकैती की धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
बॉक्स:
सीसीटीवी फुटेज में दिखे आरोपी
अज्ञात अपहर्ता लुटेरों ने खरड़ के जिस एटीएम से सुरिंदर के बैंक खाते से कैश निकलवाया, पुलिस ने उसमें लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। बकौल पुलिस इसमें अपहर्ता लुटेरों के चेहरे साफ नजर नहीं आए हैं। मामले में मंगलवार देर रात तक पुलिस खाली हाथ रही। केस सुलझाने की दिशा में पुलिस इससे पहले ठीक इसी प्रकार की हुई वारदातों को अंजाम देने के आरोपियों का रिकॉर्ड खंगाल रही है।