गैर जमानती वारंट जारी होते ही पीओ सेल ने धरे सात आरोपी
अदालत ने आरोपियों को भेजा न्यायिक हिरासत
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पीओ सेल के कर्मचारियों की मुस्तैदी और सतर्कता की वजह से जिला अदालत से गैर जमानती वारंट के सात आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस ने कामयाबी हासिल की है। आरोपियों के खिलाफ बीते वर्ष सेक्टर-36 थाने में हत्या के प्रयास के तहत आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से ही सातों आरोपी फरार थे।
जिला अदालत के सातों आरोपियों के गैर जमानती वारंट जारी करने का पता लगने के बाद से ही पीओ स्टाफ ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। फिर गुप्त सूचना के आधार पर पीओ सेल के हेड कांस्टेबल सत्यदेव, हेड कांस्टेबल दलबीर सिंह और महिला कांस्टेबल संदीप ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान सातों आरोपी उनके हत्थे चढ़ गए।
तुरंत बाद तीनों ने पीओ सेल के स्टाफ सहित थाना सारंगपुर के एसएचओ, इंस्पेक्टर राम रतन शर्मा को सूचना दी। अन्य पुलिस बल को तुरंत मौके पर भेजकर मदद मांगी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तुरंत आरोपियों का घेराव कर उन्हें दबोच लिया। मामले की जानकारी पीओ सेल के उच्चाधिकारियों को दी। पीओ स्टाफ ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की, ताकि पता लग सके कि वे सेक्टर-36 थानाक्षेत्र के अंतर्गत हत्या के प्रयास की वारदात को अंजाम देकर कहां-कहां रहे और किन-किन लोगों ने उन्हें छुपाने में मदद की। साथ ही पुलिस ने यह पता लगाने के प्रयास भी किए कि बीते वर्ष वारदात के बाद आरोपी किसी अन्य आपराधिक वारदात में भी संलिप्त रहे हैं या नहीं। पूछताछ पूरी होने पर पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।