लूट का विरोध करने पर चाकू मारकर किया था कत्ल
सेक्टर-17 में रिक्शा चालक की हत्या के खुलासे का दावा
न तो हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद न कोई गवाह, आरोपी के बयान के आधार पर केस सुलझाने का दावा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
सेक्टर-17 स्थित बैंक स्क्वायर में एसबीआई बैंक के सामने 29 मई को रिक्शा चालक सुखराम की गला रेत हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इसे लूट की वारदात से जोड़ते हुए इसका विरोध करने पर आरोपी द्वारा वारदात को अंजाम देने की बात कही है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उत्तराखंड के नैनीताल जिले के सूरजगिरी गोस्वामी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। हालांकि पुलिस के पास मामले में सबूत के तौर पर केवल आरोपी का बयान है। पुलिस के पास न कोई गवाह है, न हत्या में इस्तेमाल चाकू और न ही हत्या का मकसद सामने आया है। वहीं पुलिस के पास अन्य कोई ठोस सबूत भी नहीं है।
सेक्टर-9 स्थित पुलिस हेडक्वार्टर में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में एसएसपी ईश सिंघल ने हत्या मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 29 मई को सेक्टर-17 में एसबीआई बैंक के सामने सुखराम की गला रेत हत्या मामले में सूरजगिरी को गिरफ्तार किया गया है। सुखराम गांव टिकुनिया, जिला लखीमपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था। एसएसपी के अनुसार इस ब्लाइंड मर्डर में पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले थे, लेकिन कोई मदद नहीं मिली।
जांच के दौरान सूचना मिली कि एक युवक जो इसी एरिया में रहता है और चाकू के बल पर लूटपाट की वारदात करता है। वह घटना के बाद से गायब है। शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सूरजगिरी सेक्टर-17 के फुटबाल ग्राउंड के पास आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने बताया कि उसने सुखराम को लूटने के मकसद से चाकू दिखाया था, लेकिन विरोध करने पर दोनों में झगड़ा हो गया और उसने गला रेत उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह फरार हो गया था। एसएसपी के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और पहले भी लूट की कई वारदात को अंजाम दे चुका है। हालांकि एसएसपी आरोपी के पिछले आपराधिक रिकार्ड के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सके। उन्होंने हत्या में इस्तेमाल चाकू अभी रिकवर करने की बात कही है। इसके लिए उसे शनिवार को जिला अदालत में पेश किया जाएगा और उसका रिमांड लिया जाएगा।