पिकअप गाड़ी से टक्कर मारकर फाटक तोड़ा, केस दर्ज
- आरपीएफ ने युवक को किया गिरफ्तार, गाड़ी की जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-19 के रेलवे फाटक पर बुधवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। रेलवे फाटक पर एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी टकरा गई। इस दौरान फाटक टूट गया। फाटक टूटने की सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक सुनील कुमार पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया और उसकी गाड़ी जब्त कर ली गई।
दोपहर करीब एक बजे तेज रफतार पिकअप गाड़ी फाटक से उस वक्त जा टकराई, जब गेट मैन ट्रेन के आने का सिग्नल मिलते ही फाटक को बंद कर रहा था। टक्कर लगने के बाद स्थानीय पुलिस कर्मियों ने गाड़ी चालक सुनील कुमार को काबू कर आरपीएफ के हवाले कर दिया। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के आरपीएफ थाना प्रभारी राजेश राणा ने बताया कि सिगनल मिलने के बाद गेट मैन फाटक बंद कर रहा था। तभी इंडस्ट्रियल एरिया फेस-1 की ओर से आ रही पिकअप गाड़ी फाटक को क्रॉस करने के चक्कर में सीधे फाटक से टकरा गई। फाटक दो हिस्सों में टूट गया। गनीमत यह रही कि इस दौरान गाड़ी चालक व किसी अन्य को चोट नहीं आई। गेट मैन ने बताया कि फाटक टूटने के बाद हमने चैन लगाकर ट्रैफिक रोका। फाटक टूटने की सूचना गेट मैन ने तुरंत चंडीगढ़ रेलवे विभाग को दी। कर्मचारी सेक्टर-19 के रेलवे फाटक पर पहुंच कर मरम्मत में जुट गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद फाटक को ठीक कर दिया गया और फाटक के टूटे हुए हिस्से को दोबारा जोड़ दिया गया।