पंचकूला। पावर कॉलोनी की 12 वर्षीय बच्ची की बंदरघाटी में शव मिलने के बाद उसके लापता पिता भूपेंद्र भंडारी की सोमवार दोपहर बाद शताब्दी से कटकर मौत हो गई है। 40 वर्षीय भूपेंद्र का शव जीरकपुर के गाजीपुर रेलवे ट्रैक पर मिला। शताब्दी के ड्राइवर से जानकारी मिलने के बाद करीब 1:30 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की है। पुलिस ने शव को डेराबस्सी अस्पताल में रखवाया है। उधर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार बंदरघाटी में मिली बच्ची की मौत गला दबाने से हुई थी। शताब्दी के ड्राइवर की सूचना मिलने के बाद 1.30 बजे पुलिस गाजीपुर रेलवे ट्रैक पर पहुंची।
पुलिस ने देखा कि एक व्यक्ति दो हिस्सों में कटा हुआ ट्रैक पर पड़ा था। धड़ ट्रैक के अंदर था। पैर ट्रैक से बाहर पड़े थे। ट्रेन कुछ दूरी तक शव को घसीटते ले गई थी। जहां से यह व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आया, वहां पानी का नाला भी निकल रहा है। पुलिस ने आसपास तलाश शुरू की, लेकिन कोई सामान नहीं मिला। पुलिस ने नाले के अंदर कुछ ढूंढने की कोशिश की, तो दो बोतलें मिली। एक बोतल पानी की भरी और एक खाली मिली। नमकीन का पैकेट और बैग भी पुलिस ने बरामद किया। बैग में भूपेंद्र सिंह का मोबाइल फोन मिला, लेकिन वह पानी में डूबने के कारण बंद हो चुका था। पुलिस ने मोबाइल चलाने की काफी कोशिश की, लेकिन फोन चल नहीं पाया। पुलिस को बैग से उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड बरामद हुआ। पुलिस ने रेलवे ट्रैक को खाली करने के लिए शव को मौके से उठवाकर डेराबस्सी अस्पताल रखवाया। शव का पोस्टमार्टम डेराबस्सी अस्पताल में करने के बाद मंगलवार को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
रेलवे पुलिस शाम को आधार कार्ड पर लिखे पते पर सेक्टर-19 पहुंची, तो यहां आकर पता चला कि यह व्यक्ति भूपेंद्र भंडारी है। उसकी बेटी का शव रविवार को चंडीमंदिर पुलिस को बंदरघाटी से बरामद हुआ था। भूपेंद्र भंडारी के परिजनों ने शव की शिनाख्त कर ली है। दूसरी तरफ चंडीमंदिर थाना प्रभारी अरविंद कंबोज ने बताया कि 12 साल की नाबालिग का पोस्टमार्टम सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में करवाया गया। बच्ची की मौत गला दबाने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। इस मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है। इसमें जो भी आरोपी होगा उसे जल्द ही पुलिस गिरफ्तार करेगी।
पुलिस की तरफ से मामले की जांच की जा रही है। इसमें नाबालिग के पिता ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करेगी। - मोहित हांडा, पुलिस उपायुक्त, पंचकूला पुलिस