पंचकूला। सेक्टर-3 के ताऊ देवी लाल स्पोटर्स कांप्लेक्स में शनिवार को अतुल माहेश्वरी ट्रॉफी 2021 के लिए दूसरे एचएसडब्ल्यूसी अंतर-विभागीय प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट खेला गया। दिन के पहले मैच में सचिवालय चैलेंजर्स ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय को 24 रन से हराया। इसके साथ टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। टीम के खिलाड़ी अनिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर सचिवालय चैलेंजर ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम के खिलाड़ी अनिल कुमार (53 गेंदों में 73) और राजेश कौशिक (63 गेंदों में 73) की शानदार साझेदारी के चलते टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 164 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने पूरी कोशिश के बावजूद 18वें ओवर में 144 रन पर टीम के खिलाड़ी ढेर हो गए।
आरसीएस 85 रन पर ढेर, चौथे ओवर में ही जीता शिक्षा विभाग
दूसरे लीग मैच में शिक्षा विभाग हरियाणा ने रजिस्ट्रार सहकारी समिति (इलेवन) हरियाणा की टीम को 8 विकेट से हराया। टॉस जीतकर आरसीएस हरियाणा इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए 18वें ओवर में सभी विकेट खोकर टीम 85 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए शिक्षा विभाग हरियाणा ने पारी के चौथे ओवर में मैच अपने नाम कर लिया। टीम के खिलाड़ी अनिल नैन ने 13 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके लिए उन्हें मैन औफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।
पशुपालन विभाग 28 रन से हारा
तीसरे लीग मैच में डीएनआरई हरेड़ा इलेवन ने पशुपालन विभाग हरियाणा को 28 रन से हराया। टॉस जीतकर पशुपालन विभाग ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम डीएनआरई हरेड़ा इलेवन को निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 141 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम 9 विकेट पर 20 ओवर में 113 रन ही बना पाई। राहुल पन्नू को मैन ऑफ द मैच चुना गया।