पंचकूला। विस अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सेक्टर-16 स्थित अर्बन हेल्थ सेंटर में सोमवार को 15 से 18 आयु के किशोरों के टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। अर्बन हेल्थ सेंटर सेक्टर-16 के अंतर्गत कुल जनसंख्या 58218 है। इनमें 15 से 18 वर्ष के 2189 किशोरों को टीका लगाया जाना है। गुप्ता ने अर्बन हेल्थ सेंटर में लेबर रूम का उद्घाटन भी किया। इस मौके पर उनके साथ अंबाला सांसद रतनलाल कटारिया भी मौजूद रहे। गुप्ता ने कहा कि सोमवार को 15 से 18 आयु के बच्चों के लिए कोविड टीकाकरण अभियान की शुरूआत की गई है। कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। वर्तमान में कोविड के मामलों को देखकर ऐसा लग रहा है कि कोविड की तीसरी लहर दस्तक दे रही है। उन्होंने कहा कि लोग निर्देशों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोविड का नया वैरियंट ऑमिक्रॉन तेजी से फैलता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
लेबर रूम में मिलेगी 24-7 प्रसूति की सुविधा
ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि अर्बन हेल्थ सेंटर में लेबर रूम के उद्घाटन से इस क्षेत्र के लोगों की लंबी समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि अब तक इस क्षेत्र में विशेषकर राजीव और इंदिरा कॉलोनी में रहने वाली गरीब महिलाओं के लिए नजदीक कोई प्रसूति सेंटर की व्यवस्था नहीं थी। इस लेबर रूम में 24-7 प्रसूति की सुविधाएं देने के लिए डॉक्टर और अन्य संबंधित स्टाफ की व्यवस्था की गई है। इस मौके पर उपायुक्त महावीर कौशिक, नगर निगम महापौर कुलभूष्ण गोयल, कोविड टीकाकरण की नोडल अधिकारी डॉ. मीनू सासन, डॉ. विकास, सेक्टर-16 अर्बन हेल्थ सेंटर के डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ, बीजेपी जिलाध्यक्ष अजय शर्मा, उपाध्यक्ष उमेश सूद, महामंत्री वीरेंद्र राणा, प्रदेश युवा मोर्चा के महामंत्री योगेंद्र शर्मा, पार्षद हरेंद्र मलिक, जय कौशिक, संजय आहूजा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
कोविड प्रोटोकॉल का गंभीरता से पालन करें: कटारिया
पंचकूला। 3 जनवरी से 15 से 18 आयु के बच्चों का टीकाकरण सेक्टर-16 के अर्बन हेल्थ सेंटर में किया गया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं अंबाला लोकसभा सांसद रतनलाल कटारिया ने कहा कि भारत ने पूर्ण टीकाकरण के संकल्प को दोहराया है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। कटारिया ने बताया कि भारत अब तक 145 करोड़ लोगों का टीकाकरण कर चुका है। भारत इस वर्ष 500 करोड़ वैक्सीन का उत्पादन करने के लिए भी तैयार है, इसका एक बड़ा हिस्सा दूसरे देशों को निर्यात किया जाएगा। कटारिया ने कहा कि कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर भी सरकार सचेत है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ओमिक्रोन के खतरे को देखकर प्रदेश की जनता को इस संक्रमण से बचाने के लिए कुछ कड़े नियम लागू किए हैं ताकि हालातों को नियंत्रित किया जा सके।