पंचकूला। बुधवार को देर रात इंदिरा कॉलोनी के वार्ड नंबर-7 की कांग्रेस पार्षद उषा रानी के घर और उनकी दुकानों पर नशे के सौदागरों ने पथराव कर दिया। यह मामला रात करीब साढ़े 10 से 11 बजे के बीच का है। रात करीब 10 बजकर 7 मिनट पर डॉक्टर राम प्रसाद अपनी दुकान के बाहर बैठे हुए थे। इसी बीच दुकान के सामने कुछ नशा तस्कर झुंड में आपस में विवाद करने लगे। तभी पार्षद उषा रानी के पति ने इसका विरोध किया तो नशे में उन नशे के सौदागरों ने उनकी दुकान पर पत्थरों से हमला कर दिया।
नशा के सौदागरों की वीडियो बनाई तो हुए आक्रामक
डॉक्टर राम प्रसाद ने बताया कि दुकान के सामने पांच से सात लड़के आपस में बहस कर रहे थे। तभी उनकी वीडियो बनानी शुरू की तो वह सभी आक्रामक हो गए। वीडियो बनाते देखकर नशा बेचने वाले तीन आरोपियों में विजय, विक्की, बिट्टू समेत पांच लोगों ने उनकी दुकान और मकान पर हमला कर दिया। जब उनका विरोध किया तो नशा तस्करों ने पार्षद और उनके पति को जान से मारने के लिए दौड़ा लिया। इसके बाद पार्षद और उनके पति ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद दुकान के बाहर खड़ी कार पर भी आरोपियों ने पत्थरों से हमला कर दिया और कार के शीशे तोड़ डाले।
पुलिस चौकी के सामने हुई वारदात
पार्षद के पति राम प्रसाद ने बताया कि हमलावरों ने पत्थरबाजी के साथ तलवार लेकर हमला कर दिया। जब कोई नहीं मिला तो घर पहुंचकर हमलावरों ने पत्थरबाजी की। हमलावरों ने घर पर बुरी तरह से हमला किया। दिव्यांग बेटी निश्चित और उसकी छोटी बहन नविता ने बताया कि घर पर हमलावरों ने जानलेवा हमला किया था। जब कोई नहीं मिला तो घर बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ डाले और डंडों से दरवाजे पीटने लगे। इससे 45 मिनट तक घर में दुबके रहे।
प्रमिला के घर पर भी किया हमला
पार्षद उषा रानी के घर पर हमला करने के बाद यह हमलावर इंदिरा कॉलोनी निवासी प्रमिला के घर पर जा धमके। इस दौरान करीब दस लड़के तलवार और गंडासे के साथ प्रमिला के घर पर हमला करने लगे। उन्होंने उनके घर पर लगे दो कैमरे तोड़ दिए और दरवाजे भी तोड़ डाले। इसके बाद धमकी देते हुए वहां से भाग गए।