चंडीगढ़। हरियाणा के अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित घेरे में लेने और त्योहारी सीजन को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष योजना तैयार की है। अब मंदिरों में तिलक से पहले कोरोना का टीका लगेगा। धार्मिक स्थलों के बाहर टीकाकरण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। खासकर नवरात्रों के लिए मंदिरों के बाहर टीकाकरण केंद्र बनाने के लिए सभी सीएमओ को निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, गुरुद्वारा साहिब, चर्चों के बाहर भी ये केंद्र बनाए जाएंगे।
विभाग ने यह फैसला मेवात में मस्जिदों के बाहर टीकाकरण केंद्र स्थापित करने के बाद से मिले परिणामों के आधार पर लिया है। शुरू से ही मेवात टीकाकरण में पीछे चल रहा है। कुछ दिन पहले विभाग द्वारा मस्जिदों के बाहर टीका केंद्र शुरू किए हैं, एकाएक रोजाना 7 से 8 हजार लोगों का टीककरण शुरू हो गया है। पहले रोजाना 4 से 5 हजार लोगों को ही टीके लगते थे। विभाग का मानना है कि त्योहारी सीजन में सभी धर्मों के लोग अपने अपने इष्ट देवता की पूजा के लिए धार्मिक स्थलों में जाते हैं। इसलिए टीकाकरण को बढ़ावा देने को यह अच्छा अवसर हो सकता है।
अभी तक 2.26 करोड़ लोगों का टीकाकरण
प्रदेश में 2.26 करोड़ लोगों का टीकाकरण हो चुका है। 1.24 करोड़ पुरुषों और करीब एक करोड़ महिलाओं ने टीकाकरण कराया है। 1.64 करोड़ ने पहली और 62 लाख लोगों ने दोनों खुराक ली हैं।
तीन दिन मेगा ड्राइव भी चलेगी
विभाग का लक्ष्य का है कि आगामी माह में 40 लाख लोगों को दूसरी खुराक दी जाए, ताकि दोनों खुराक वालों की संख्या को 1 करोड़ तक पहुंचाया जा सके। धार्मिक स्थलों के बाहर टीकाकरण केंद्रों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। साथ ही तीन दिन तक मेगा ड्राइव भी चलाया जाएगा।-प्रभजोत सिंह, एमडी, एनएचएम।
कोट (फोटो)
सभी सीएमओ को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहारी सीजन को देखते हुए पूरी तैयारी रखें। जनता से अपील है कि पहली कोशिश तो ये करें कि अपने घर को ही मंदिर मानें और घर पर ही पूजा करें। टीकाकरण को बढ़ावा देने को लेकर इस बार मंदिरों के बाहर टीकाकरण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। -डा. वीना सिंह, महानिदेशक, स्वास्थ्य विभाग।