पिंजौर। सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पिंजौर में एएसआई से ठगों ने सहकर्मी बनकर 77 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसआई कमल राज ने बताया कि उसके पास फोन आया और आरोपी ने स्वयं को एएसआई सुरेंद्र मीणा बताया। आरोपी ने बताया कि वह इस समय मेरठ में तैनात है।
कमल ने उससे कहा कि आपकी पोस्टिंग तो श्रीनगर हुई थी, फिर आप मेरठ में क्या कर रहे हो। इस पर आरोपी ने बताया कि किसी काम से मेरठ आया हुआ है। शक होने पर आरोपी ने कमल को पिंजौर ग्रुप सेंटर में ही काम करने वाले कुछ अफसरों के नाम भी बताए। इसके बाद उसने कहा कि उसे कुछ पैसों की जरूरत है। ठग के कहा कि सीआरपीएफ पिंजौर के डीआईजी के पीए सूरज कुमार से 50 हजार रुपये लेने हैं। परंतु उनका फोन मिल नहीं रहा है। शातिर ठग ने कहा कि उसे अभी पैसों की सख्त जरूरत है। वह 50 हजार रुपये उसे गूगल पे कर दे। आरोपी द्वारा बार-बार फोन करने पर वह उसके झांसे में आ गया।
गूगल-पे के माध्यम से दिए तीन बार पैसे
आरोपी के झांसे में आने के बाद कमल ने गूगल पे एकाउंट में 24 हजार 999 रुपये डाल दिए परंतु आरोपी ने मनाकर दिया कि उसके खाते में नहीं आए। उसके बाद उसने फिर दोबारा पैसे डाले परंतु आरोपी ने इस बार फिर मना कर दिया। इस तरह कमल ने तीन बार 24 हजार 999 रुपये आरोपी के एकाउंट में डाल दिया। उसे शक हुआ कि आरोपी उससे ठगी कर रहा है। अगले दिन कमल को पता चला कि उसके एकाउंट से करीब 77 हजार रुपये कट चुके हैं। कमल ने जब डीआईजी के पीए से बात की तो पीए ने बताया कि उसने किसी से पैसे नहीं लिए और न ही किसी को देने हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।