मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा सरकार के पास पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। मृत्यु दर भी अन्य प्रदेशों के मुकाबले कम है। हरियाणा में मृत्यु दर 1.01 प्रतिशत है जबकि पंजाब में यह 3.2 प्रतिशत है। इसी तरह, राज्य में रिकवरी दर 90 प्रतिशत है और प्रदेश में रोजाना 35 हजार टेस्ट किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने टेलीविजन के माध्यम से प्रदेश की जनता को बताया कि राज्य में अब तक 12.5 प्रतिशत के हिसाब से लगभग 32 लाख लोगों का टेस्ट किया जा चुका है।
सीरो टेस्ट के दौरान पता लगा कि 14 प्रतिशत लोग ऐसे थे, जिनका टेस्ट भी नहीं हुआ और वे पॉजिटिव होकर ठीक हो चुके हैं। ऐसे लोगों की संख्या लगभग 35 लाख है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में कोविड-19 की टेस्टिंग के लिए 28 लैब बनाई गई हैं और बढ़ते मामलों के दृष्टिगत 46 हजार बेड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, पांच प्लाज्मा बैंक भी बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 3729 लोगों ने प्लाज्मा दान किया है और 2522 लोगों को यह चढ़ाया गया है।
विपक्ष से सावधान रहें किसान
सीएम ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल तीन कृषि कानूनों के बारे में किसानों को बरगला रहे हैं। ऐसे में उन्हें सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कुछ किसान संगठनों ने तीन कानूनों के मुद्दे पर दिल्ली जाने का आह्वान किया है। अब चूंकि ये तीनों विधेयक कानून का रूप ले चुके हैं, इसलिए इनका विरोध करने का कोई औचित्य नहीं है।