क्राइम ब्रांच के अनुसार, आरोपी महिला ऊषा उर्फ स्वीटी पहले भी कई बार चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुकी है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के बाद अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी हो सकती है। सूत्रों की मानें तो टीम ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिसका खुलासा वह मंगलवार को कर सकती है।
अब तक 35 कुर्सियां बरामद
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले काफी समय से पीयू के अलग-अलग विभागों से हैरिटेज फर्नीचर चुरा रहे थे। चोरी की वारदात में सेक्टर-25 के कुछ युवक भी शामिल हैं। यह भी पता लगा है कि 48 नहीं बल्कि अलग-अलग विभाग से 100 से ज्यादा फर्नीचर चोरी किए हैं। फर्नीचर को मरम्मत कर आगे डीलरों को बेचा जाता रहा है। अब तक 35 हेरिटेज फर्नीचर बरामद हो चुका है।
यह है मामला
पीयू के मनोविज्ञान विभाग के अधीक्षक मंजीत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि सेमिनार हॉल ग्राउंड फ्लोर से 36 हैरिटेज कुर्सियां गायब हैं, जबकि 10 कुर्सियां दूसरी फ्लोर से चोरी हुई हैं। इसके अलावा दो कुर्सी सुपरिंटेंडेंट ऑफिस से गायब है। हैरिटेज कुर्सियों के गायब होने का पता चलने के बाद मामले की शिकायत सेक्टर-9 स्थित एसएसपी कार्यालय में दी गई थी। क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-25 से बढ़ई सरफराज को गिरफ्तार कर 20 कुर्सियां बरामद की थीं। उसने यह कुर्सियां धनास के जंगल में छिपाकर रखी थीं।