पंचकूला। कोरोना काल के दौरान बंद की गई तीन एक्सप्रेस और दो पैसेंजर गाड़ियां अभी तक बहाल नहीं हो सकी हैं। ये गाड़ियां बंद होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में यात्री बस या अन्य वाहनों से सफर कर रहे हैं। वर्तमान में भिवानी से कालका तक चलने वाली एकता एक्सप्रेस, सराय रोहिल्ला से कालका तक चलने वाली हिमालय कुंज और भटिंडा से कालका तक चलने वाली बाड़मेर एक्सप्रेस का संचालन बहाल नहीं हो पाया है। इसके अलावा अंबाला से नंगल डैम और दिल्ली से कालका तक चलने वाली पैसेंजर ट्रेन की सुविधा भी यात्रियों को नहीं मिल पाई है। अब इन ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ये ट्रेन बंद होने के कारण इन रूटों पर जाने वाली अन्य ट्रेनों में भी सीटों की मारामारी हो गई है।
डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन चल रही
डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस पहले सप्ताह में रविवार और बुधवार को जाती थी, मगर अब इसे सप्ताह में एक दिन कर दिया गया है। यात्रियों की संख्या ज्यादा होने के कारण सभी को एक दिन में सीट नहीं मिल पाती है। इस कारण यात्रियों को अब बसों या अन्य वाहनों से सफर तय करना पड़ रहा है।
रेलवे के पास वर्तमान में कोच की कमी है। इसी कारण कुछ ट्रेनों का संचालन बहाल नहीं हो पाया है। हिमालय कुंज दिल्ली मंडल की गाड़ी है। इसके बारे में वहीं से जानकारी मिल सकती है। कोरोना काल के दौरान ट्रेन के डिब्बों को क्वारंटीन सेंटर बनाया गया था। उसके बाद कई डिब्बे कंडम हो गए हैं। - जीएम सिंह, डीआरएम, अंबाला डिवीजन