पंचकूला। जिले में शनिवार को कोरोना के 40 नए मामले सामने आए हैं। इसमें पंचकूला से 35 केस हैं जबकि पांच मरीज बाहरी जिलों और राज्यों के हैं। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 175 है। वहीं दो मरीज अस्पताल में भर्ती है। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि 173 मरीज अपने घरों पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, जबकि सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में दो मरीज भर्ती हैं।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शनिवार को 508 सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट रविवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 45428 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 44838 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और 415 लोगों की मौत हो चुकी है।
अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 636762 लोगों के सैंपल जांचे हैं। उन्होंने अपील कर कहा कि लोग कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का पालन करें। अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर अपना कोरोना का टेस्ट करवा सकते हैं। इसके अलावा लोग अपने बचाव के लिए मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करें। वैक्सीनेशन इंचार्ज मीनू सासन ने बताया कि 12 से 14 साल के 83.6 फीसदी बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। वहीं 15 से 17 साल के बच्चों का 88.8 फीसदी टीकाकरण किया गया है।