पंचकूला। जिले में वीरवार को 29 नए मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें 23 मरीज पंचकूला के हैं। इसमें 13 पुरुष और 10 महिलाएं शामिल हैं। इसी के साथ जिले में सक्रिय कोरोना मरीजों का आंकड़ा घटकर 106 पहुंच गया है। इसमें 88 होम आइसोलेटेड और 18 को अस्पतालों में दाखिल किया गया है। कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा अब तक 412 पहुंच गया है। अब तक 57856 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें जिले के 43933 मरीज शामिल हैं। इसके अलावा विदेश से पंचकूला आने वाले 4351 यात्रियों को जिला स्वास्थ्य विभाग ने ट्रेस किया है, जिसमें 14 मरीजों की जांच जारी है।
कोरोना दर एक माह सात दिन में 42 से घटकर 2.24 फीसदी पहुंचा
अतिरिक्त उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि पंचकूला में कोविड के मामलों में काफी कमी आई है। उन्होंने बताया कि जिले में कोरोना के टेस्ट के लिए रोजाना 800 से 1000 सैंपल लिए जा रहे हैं। जिले में अन्य बीमारियों के उपचार के लिए सामान्य ओपीडी के साथ-साथ ऑपरेशन/सर्जरी शुरू कर दी गई है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि पंचकूला ने 100 फीसदी कोविड टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया है। जिले में कोविड वैक्सीन की प्रथम डोज 115 फीसदी और दूसरी डोज 107 फीसदी लोगों को लगाई जा चुकी है। इसके साथ-साथ 15-18 वर्ष आयु वर्ग में 76 फीसदी पहली डोज लगाई जा चुकी है, जबकि 35 फीसदी बच्चों को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जा चुकी है।