चंडीगढ़। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी में प्रस्तावित उत्तर भारत के बड़े ‘इंटिग्रेटिड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब’ का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इसके लिए बची औपचारिकताएं यथाशीघ्र पूरी की जाएंगी। कार्य में सुस्ती बरतने वाले अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करना होगा।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को पांच विभागों के अधिकारियों की बैठक के दौरान ये निर्देश दिए। चौटाला ने लॉजिस्टिक हब के निर्माण कार्यों से संबंधित बिजली विभाग, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) विभाग के अलावा हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम के उच्च अधिकारियों के साथ हब की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों के प्रस्तावित निर्माण कार्य का नक्शे के माध्यम से अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्धारित अवधि में सभी औपचारिकताएं पूरी कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
दक्षिण हरियाणा में पहली बार मल्टीनेशनल कंपनियों का आगमन होगा
डिप्टी सीएम ने कहा कि उद्योग एवं वाणिज्य विभाग व हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम के अधिकारी प्रदेश के पिछड़े क्षेत्रों में नए उद्योग लगाने को प्राथमिकता दें। नांगल चौधरी में ‘इंटिग्रेटिड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब’ के खुलने से दक्षिणी हरियाणा में पहली बार मल्टीनेशनल कंपनियों का आगमन होगा। इससे महेंद्रगढ़ जिला का राजस्व बढ़ेगा। इस लॉजिस्टिक हब को दिल्ली-मुंबई डेडिकेटेड रेल फ्रेट कॉरिडोर का भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कंपनियों के लिए कच्चा माल लाने और तैयार माल ले जाने में कॉरिडोर अहम भूमिका निभाएगा। दिल्ली-मुंबई के बीच कंटेनर के माध्यम से लाने या ले जाने वाले सामान को यहां पर उतारा-चढ़ाया जा सकेगा।
े