चंडीगढ़। लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने शनिवार को विभाग की चल रही विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में चल रही सभी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए प्रयासरत है ताकि जनता को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस समय लगभग 2097.03 करोड़ रुपये की लागत वाले प्रोजेक्ट निर्माण के विभिन्न चरणों में हैं जिनमें से 915.55 करोड़ रुपये की राशि पहले ही कार्यकारी एजेंसियों को जारी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग की देखरेख में कुल 211 सरकारी इमारतों का निर्माण कार्य चल रहा है।
इनमें 477.13 करोड़ लागत के साथ उच्च शिक्षा विभाग की 35 परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के विभाग के 84.13 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट और 110.66 करोड़ रुपये की लागत से खेल विभाग की 16 इमारतों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। इसी तरह इंदर कुमार गुजराल पीटीयू के 56.82 करोड़ रुपये लागत वाले पांच प्रोजेक्ट पर भी काम चल रहा है।