पंचकूला के पब्लिक और मोबाइल शौचालयों की हालत सुधारने के दावे निगम द्वारा किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। शौचालयों की हालत अभी भी बदतर है। शहर के किसी शौचालय में बिजली तो किसी मोबाइल शौचालय में पानी की किल्लत है। शौचालयों में लगे बिजली के बोर्ड खराब हैं। दिसंबर 2021 के बाद कुछ शौचालयों में सफाई व्यवस्थाओं में सुधार किया गया है। अमर उजाला टीम ने शहर के सेक्टरों के शौचालयों का जायजा लिया तो कई तरह की खामियां देखने को मिलीं। अधिकांश टॉयलेट के दरवाजे, शीशे, वाश बेसिन टूटे मिले। नगर निगम के पंचकूला के शहरी क्षेत्र में 43 पब्लिक और 27 मोबाइल शौचालय हैं, लेकिन अधिकांश शौचालयों को रिपेयरिंग की जरूरत है।
- सेक्टर-26 बूथ मार्केट का सुलभ शौचालय बदहाल
- सेक्टर-26 मदनपुर पार्क स्थित शौचालय बदहाल
- अमर टैक्स स्थित मोबाइल शौचालय में पानी नहीं, गंदगी का आलम है
- सेक्टर-28 में पब्लिक शौचालय नहीं है।
- सेक्टर-6 का पब्लिक शौचालय साफ मिला
- सेक्टर-7 के शौचालय में सफाई थी, लेकिन सीट टूटे मिले
- सेक्टर-8 के मार्केट में स्थित शौचालय का फीडबैक मशीन बंद पड़ा मिला
- सेक्टर-9 की मार्केट में दरवाजा टूटा मिला
- सेक्टर-10 में दीवारों में सीलन और जगह-जगह सीमेंट टूटकर गिर रहा है
शौचालय पर लगाए गए फीडबैक सिस्टम मिलने वाले मैसेज पर निगम कर्मचारियों को ध्यान देना चाहिए। क्योंकि जो भी फीडबैक पब्लिक की ओर से दिया जाता है उस पर विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई करनी चाहिए।
-सुभाष पपनेजा, निवासी सेक्टर 16 पंचकूला।
सेक्टर-10 में लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए शौचालय में कुछ समय से सफाई दिख रही है, लेकिन दीवारों में सीलन और जगह-जगह सीमेंट टूटकर गिर रहा है। इसके रखरखाव की ओर भी निगम को ध्यान देना चाहिए।
-मनीष गुप्ता निवासी सेक्टर-10 पंचकूला।
पब्लिक शौचालय को रिपेयरिंग की जरूरत है। नगर निगम को तत्काल टाइलें और दरवाजों को दुरुस्त करवाना चाहिए। ताकि स्वच्छता सर्वेक्षण में कोई कमी न रहे और रैंकिंग में अच्छे नंबर हासिल कर सकें।
-विजय शर्मा, मार्केट प्रधान सेक्टर-15 पंचकूला।
घग्गरपार सेक्टरों में कहीं शौचालय बदहाल पड़े हैं तो कुछ जगह बनाए ही नहीं गए हैं। सेक्टर-28 में पब्लिक शौचालय ही नहीं है। जिसके चलते यहां काम करने आने वाले लेबर तबका को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
-चमन लाल कौशिक निवासी, सेक्टर-28 पंचकूला।
पंचकूला के शौचालयों की रिपेयरिंग के लिए टेंडर लगाया गया है। जल्द ही रिपेयरिंग का काम शुरू होगा। वहीं जहां शौचालयों में साफ-सफाई नहीं है उसको चेक करवाकर साफ करवाया जाएगा। - कुलभूषण गोयल, मेयर पंचकूला।