पंचकूला। लघु सचिवालय के सभागार में स्वामित्व योजना को लेकर राजस्व एवं विकास, पंचायत विभाग के अधिकारियों की उपायुक्त महावीर कौशिक की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों को शेष बचे छह गांवों की सरहदबंदी के कार्य को अगली बैठक तक पूरा करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि स्वामित्व योजना हरियाणा सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल स्वयं इसकी देखरेख कर रहे हैं।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंचायती संपत्ति की डीड का कार्य जल्द पूरा करें ताकि संपत्ति को पंचायत के नाम किया जा सके। उन्होंने कहा कि लाल डोरा मुक्त कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों को संपत्ति का स्वामित्व का हक मिल जाएगा। स्वामित्व का हक मिलने के बाद ग्रामीणों को सरकार की तरफ से प्रॉपर्टी कार्ड वितरित कर दिए जाएंगे, इससे जमीन और प्रॉपर्टी से संबंधित विवाद समाप्त होंगे। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त आयूष सिन्हा, एसडीएम ऋचा राठी, एसडीएम कालका रुचि सिंह बेदी, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी शंकर गोयल, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी बरवाला विशाल पाराशर, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रायपुररानी परम नंदन, सामाजिक शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी पिंजौर मेहर सिंह, तहसीलदार कालका विक्रम सिंगला, डीडीपीओ कार्यालय के सुशील कुमार और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।