चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने अपने विभिन्न सरकारी विभागों में कांट्रैक्ट आधार पर नौकरी कर रहे मुलाजिमों की गणना करने के लिए एक कमेटी के गठन को मंजूरी दे दी है।
परसोनल विभाग द्वारा शनिवार को इस संबंध में जारी नोटिफिकेशन में कहा गया है कि नवगठित कमेटी में, विशेष सचिव खर्च व निदेशक खजाना व लेखा मोहम्मद तैय्यब, आम राज प्रबंध विभाग के डिप्टी सेक्रेटरी अनिल गुप्ता, अधीनस्थ सचिव परसोनल स्वर्णजीत कौर को सदस्य और एसीएफए सोना मनदीप जसवंत सिंह को सदस्य सचिव लगाया गया है।
यह कमेटी स्वीकृत पदों/गैर स्वीकृत पदों पर कांट्रैक्ट पर काम कर रहे मुलाजिमों का वार्षिक डाटा तैयार करेगी और यह कमेटी इस डाटा को एचआरएमएस के मॉड्यूल में दर्ज करवाते हुए अपडेट करेगी। इस कमेटी को अगले पांच दिन पर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
बिजली विभाग 1690 पदों पर भर्ती करेगा
पंजाब की आप सरकार ने युवाओं को रोजगार देने की मुहिम की शुरुआत करते हुए, सबसे पहले बिजली विभाग में खाली पद भरने का फैसला किया है। इसके तहत पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) में 1690 सहायक लाइनमैनों की भर्ती के लिए सार्वजनिक नोटिस जारी कर दिया गया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सत्ता संभालने के तुरंत बाद रोजगार की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का वादा करते हुए 35000 कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने और 25000 नियमित मुलाजिमों की भर्ती करने का एलान किया था। इनके तहत राज्य पुलिस में भी 15000 सिपाहियों की भर्ती की जानी है।