रायपुररानी। इलाके के खनन क्षेत्र में अवैध खनन और अनियमितताओं को लेकर सीएम फ्लाइंग की टीम ने ने मंगलवार शाम 4 बजे को दो क्रशर पर रेड की। इनमें जय मां शारदा स्क्रीनिंग प्लांट और दीवान स्क्रीनिंग प्लांट के नाम शामिल हैं। यह रेड शाम 7 बजे तक चली। जानकारी के मुताबिक इस दौरान टीम ने दोनों क्रशर में गहनता से जांच की तो इनमें रिकॉर्ड से अधिक खनिज पाया गया, जबकि दूसरे क्रशर के पास रिकॉर्ड से कम खनिज मिला।
इस छापेमारी में सीएम फ्लाइंग की टीम के साथ खनन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। जांच में जय मां शारदा स्क्रीनिंग प्लांट और दीवान स्क्रीनिंग प्लांट पर खनन से संबंधित दस्तावेजों, भंडारण और परिवहन रिकॉर्ड को खंगाला गया। सीएम फ्लाइंग की टीम ने पाया कि दोनों प्लांटों में खनिजों की मात्रा रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रही थी, जिससे खनन संबंधी नियमों के उल्लंघन की आशंका और अधिक गहरी हो गई है।
इस मौके पर सीएम फ्लाइंग ने खनन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों क्रशरों के खिलाफ अगली कार्रवाई तुरंत शुरू की जाए। इस रेड में सीएम फ्लाइंग टीम से एसआई हितेंद्र गौतम, एएसआई संजय कुमार, एचसी प्रदीप, एचसी राकेश कुमार शामिल रहे। वहीं, खनन विभाग से माइनिंग इंस्पेक्टर अतुल, मयंक और संजीव भी मौके पर मौजूद रहे।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि प्रशासन आने वाले दिनों में अन्य खनन साइटों की भी जांच कभी भी कर सकता है। क्षेत्र में चल रहे खनन कार्यों पर नजर रखने के लिए अब अधिकारियों की निगरानी और सख्त की जा रही है। खनन विभाग और प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि जिन भी खनन इकाइयों में अनियमितता पाई जाएगी, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई का मकसद अवैध खनन पर रोक लगाना और खनिज संसाधनों के दुरुपयोग को रोकना है।