संवाद न्यूज एजेंसी
गुरदासपुर। थाना पुराना शाला के अंतर्गत आने वाले गांव चेचियां छोड़ियां के किसान का बेटा ब्यास नदी को पार करते समय पानी के तेज बहाव में बह गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, गांव वालों का कहना था कि गोताखोर की व्यवस्था न होने के कारण फिलहाल युवक की तलाश शुरू नहीं हो पाई है, जिसे लेकर उनमें रोष है।
चेचियां छोड़ियां निवासी किसान नरिंदर सिंह का बेटा मनदीप सिंह (35) नदी पार कर खेतों की तरफ जाने का प्रयास कर रहा था। पानी का बहाव तेज होने के कारण वह बह गया। घटनास्थल पर पहुंचे सरपंच सतनाम सिंह ने बताया कि नदी पार इन दिनों खेतों में पापुलर की कटाई का काम चल रहा है। मनदीप सिंह लेबर के साथ नदी पार कर रहा था, लेकिन तेज बहाव के कारण बह गया। वहीं, सूचना पाकर थाना प्रभारी दीपिका व अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवक की तलाश करने का काफी प्रयास किया, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने गोताखोरों की टीमों के साथ संपर्क करने का काफी प्रयास किया, लेकिन कई घंटे तक गोताखोर मौके पर नहीं पहुंचे।