पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और निवेश को आकर्षित करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फरवरी 2023 में पंजाब इन्वेस्टमेंट समिट (पंजाब निवेश सम्मेलन) करवाने की मंजूरी दे दी है। राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन एजेंसी इन्वेस्ट पंजाब की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन राज्य के व्यापक औद्योगिक विकास को सुनिश्चित बनाने के लिए अहम भूमिका निभाएगा।
मान ने इन्वेस्ट पंजाब को इस अहम मंच का अधिक से अधिक प्रयोग करने के लिए कहा, जिससे पंजाब को भारत और विश्व भर के निवेशकों के लिए पसंदीदा स्थान बनाया जा सके। भगवंत मान ने कहा कि इस मेगा इवेंट को सफल बनाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि यह सम्मेलन राज्य को उद्योग के केंद्र के रूप में उभरने के लिए प्रेरक के रूप में काम करेगा। भगवंत मान ने इन्वेस्ट पंजाब को भारत के सभी प्रमुख शहरों और विश्व स्तर पर रोड-शो समेत प्रमोशन आउटरीच प्रोग्राम करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों की सुविधा के लिए पंजाब के यूनिफाइड रेगुलेटर और सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य ने पिछले पांच महीनों के दौरान 21,000 करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त किया है। इस निवेश से राज्य भर के लगभग 93,000 नौजवानों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस मौके पर इन्वेस्ट पंजाब के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कमल किशोर यादव ने इन्वेस्ट पंजाब की क्षमता और इन्वेस्ट पंजाब टीम द्वारा जापान, अमेरिका, यूरोप और दुनिया के अन्य हिस्सों से मिले निवेश को लेकर विस्तार से प्रस्तुति दी।