श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात कस्टम विभाग के एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) स्टाफ ने दुबई से लौटे यात्री से 36 लाख रुपये की कीमत का सोना पकड़ा है। यात्री इस सोने को कैप्सूल में छुपाकर गुदा में डालकर लाया था। छह सितंबर को दुबई से आई स्पाइस जेट की फ्लाइट से पहुंचा यात्री कस्टम अधिकारियों से बचकर निकलने का प्रयास कर रहा था।
दुबई से उड़ान भरने के बाद स्पाइस जेट की फ्लाइट ने मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि करीब ढाई बजे श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लैंड किया। कस्टम विभाग के एयरपोर्ट पर तैनात एयर इंटेलिजेंस यूनिट स्टाफ दुबई से लौटे यात्रियों के सामान की चेकिंग कर रहा था। इस दौरान शक होने पर एक यात्री को हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों ने सामान की जांच की तो कुछ नहीं मिला। इसके बाद सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपी ने बताया कि वह सोने को कैप्सूल में छुपाकर गुद्दा में डालकर लाया है। अधिकारियों ने उक्त कैप्सूल निकलवाए तो 690 ग्राम सोना बरामद हुआ। कस्टम कमिश्नर राहुल नागरे ने बताया कि सोने को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।