चंडीगढ़। सेक्टर 16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में बिहार के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच के लिए अंडर 19 टीम से प्रमोट हुए युवराज चौधरी ने अपनी सार्थकता सिद्ध करते हुए कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी मैच में पांच विकेट चटकाया। पहले ही दिन मेजबान टीम ने बिहार को मात्र 140 रनों पर समेट दिया। जवाब में दिन का खेल खत्म होने तक चंडीगढ़ चार विकेट के नुकसान पर 148 रन जुटा चुका है।
इससे पहले चंडीगढ़ ने टॉस जीत कर बिहार को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। चंडीगढ़ ने एक समय में बिहार के 59 रनों पर आठ विकेट चटका दिए थे। दिन की पहली दो सफलताएं निपुण पंडिता ने प्रणव सिंह और साकिबुल गनी को शून्य-शून्य पर आउट कर दिलाई। मैच के 15वें ओवर में कप्तान लुबाना ने भागमेंदर लादेर को अजमाया, जो कि हर्ष राज 17 के विकेट के रूप में कारगर सिद्ध हुआ, जिससे स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 32 रन हुआ। अब बारी थी टूर्नामेंट के नए चेहरे युवराज चौधरी की, जिन्हें 16वें ओवर में गेंद थमाई गई। युवराज ने अपने पहले ही ओवर में 52 गेंदों पर 12 रनों की पारी खेल रहे बल्लेबाज बिपिन सौरभ को आउट किया।
इसके बाद युवराज ने अपने अगले ही ओवर में उत्कर्ष को चार के निजी स्कोर पर आउट कर आधी टीम को 37 रनों पर पैवेलियन पहुंचाया। छठे बल्लेबाज स्वयं कप्तान सचिन कुमार सिंह 2 को युवराज ने अमृत लुबाना द्वारा कैच करवा बिहार के खेमे में खलबली मचा दी। युवराज बिहार का सातवां विकेट अपूर्व आनंद के रूप में गिराया। युवराज यहीं नहीं थमे और 28वें ओवर में सौरव सिंह को दो के निजी स्कोर पर क्लीन बोल्ड किया। दूसरे छोर पर विभूति भास्कर और पवन कुमार के साथ 59 रनों की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी से टीम के स्कोर को सौ के पार लगाया। भागमेंदर लादेर ने भास्कर को 60 के स्कोर पर आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। जगमीत सिंह ने विकास झा को रन आउट कर पूरी टीम 140 रनों पर समेट दी। पवन कुमार ने नाबाद 39 रन बनाए। गेंदबाजी में युवराज ने 13 ओवर में 26 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि निपुण पंडिता और भागमेंदर लादेर ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
अपनी पहली पारी खेलने उतरी चंडीगढ़ की टीम की शुरुआत भी खासा उत्साहजनक नहीं रही। मोहम्मद अर्सलान खान 11 विकास झा की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद आनंद ने तरनप्रीत को 9 के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। जगमीत सिंह और संयम सैनी को बखूबी साथ मिला और दोनों ने 34 रनों की साझेदारी निभाई। जगमीत सिंह (56), सचिन कुमार सिंह का शिकार हुए। इसके बाद सैनी और कप्तान अमृत लुबाना के बीच 61 रनों की साझेदारी निभाई। मैच के 34वें ओवर में सचिन कुमार ने सैनी को 45 रनों पर आउट किया। इसी बीच कप्तान लुबाना अपने 15 रनों पर चोटिल हो गए। दिन का खेल खत्म होने तक चंडीगढ़ ने 36 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 148 रन जुटा लिए थे।