अमर उजाला इंपैक्ट
दो दिन से बंद पड़ी मशीन शुरू, 50 मरीजों की परेशानी खत्म बुधवार को 15 एमआरआई जांचें हुईं
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में पिछले दो दिनों से खराब पड़ी एमआरआई मशीन को दुरुस्त कर दिया गया है। मशीन के दोबारा शुरू होने के साथ ही अस्पताल में एमआरआई जांच सेवाएं बहाल हो गई हैं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है।
एमआरआई मशीन खराब होने के कारण करीब 50 मरीजों को जांच के लिए अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। कई मरीजों की निर्धारित जांच समय पर नहीं हो सकी, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। मरीजों की इस समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और पीपीपी मोड पर संचालित एमआरआई मशीन की तकनीकी खामी को दूर कराया गया। तकनीकी टीम की मदद से मशीन की मरम्मत के बाद जांच सेवाएं फिर से शुरू कर दी गईं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार बुधवार को 15 मरीजों की एमआरआई जांच की गई। अब मरीजों को जांच के लिए कहीं और नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अस्पताल में ही सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरएस चौहान ने बताया कि एमआरआई मशीन में आई तकनीकी खराबी को दूर कर दिया गया है। मशीन की प्लेटों में आई समस्या ठीक होने के बाद यह फिर से सुचारु रूप से काम करने लगी है।