दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर कार्रवाई की निंदा, 24 जुलाई के छात्र हड़ताल और ‘रात जागो-देश जागो’ अभियान में सहयोग का ऐलान
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। दिल्ली में आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में सीटू जिला पंचकूला खुलकर सामने आई है। स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन की जिला कमेटी की आपात ऑनलाइन बैठक में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए उनके आंदोलन को समर्थन देने का फैसला लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान रमा ने की। उन्होंने कहा कि रोजगार और अपने अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल चिंताजनक है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की आवाज को बल प्रयोग से दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जा सकता।
बैठक में कहा गया कि हाल के दिनों में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर की गई कार्रवाई में कई लोग घायल हुए हैं। सीटू नेताओं ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए छात्रों के आंदोलन के प्रति एकजुटता व्यक्त की।
संगठन ने 24 जुलाई को छात्र संगठनों द्वारा प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल और विरोध कार्यक्रमों का समर्थन करने का निर्णय लिया। साथ ही रात में आयोजित होने वाले ‘रात जागो-देश जागो’ अभियान को सफल बनाने के लिए भी सहयोग देने का आह्वान किया गया।
बैठक में जिला सचिव लच्छीराम शर्मा, सतीश कुमार, उपप्रधान रीता देवी समेत संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।