बढ़ती आबादी और वाहनों के दबाव के बीच नया संपर्क मार्ग बनाने की उठी आवाज, उद्योग समूहों से सहयोग की अपील
मौजूदा पुल पर दिनभर रहता है यातायात का भारी दबाव
सामाजिक दायित्व के तहत बड़े औद्योगिक समूहों से आगे आने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीमंदिर। अमरावती क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए स्थानीय लोगों ने दूसरे पुल के निर्माण की मांग उठाई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मौजूदा पुल वर्षों से अमरावती, आसपास के गांवों और रिहायशी क्षेत्रों की जीवनरेखा बना हुआ है, लेकिन अब बढ़ते ट्रैफिक के कारण इसकी क्षमता पर दबाव साफ दिखाई देने लगा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार करीब 50 हजार की आबादी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से इस मार्ग पर निर्भर है। अमरावती के अलावा डीएलएफ वैली, ट्राइडेंट हिल्स और आसपास के कई गांवों के लोग रोजाना इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। औद्योगिक इकाइयों और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के कारण भी इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है।
लोगों का कहना है कि सुबह और शाम के समय पुल पर यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है। ऐसे में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए समानांतर पुल या अतिरिक्त संपर्क मार्ग विकसित करने की योजना बनाई जानी चाहिए। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि किसी आपात स्थिति में वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध रहेगा।
रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र के विकास में निजी और औद्योगिक संस्थानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। उन्होंने बड़े उद्योग समूहों से सामाजिक जिम्मेदारी के तहत आधारभूत ढांचे के विकास में सहयोग करने की अपील की है।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि नया पुल बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और आने वाले वर्षों की जरूरतों के अनुरूप क्षेत्र को मजबूत कनेक्टिविटी मिल सकेगी।