बाल रामलीला में पांच स्कूलों के विद्यार्थियों ने दिखाई अभिनय प्रतिभा, बड़ौना कलां में खंड स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। राजकीय प्राथमिक पाठशाला बड़ौना कलां में खंड स्तरीय बाल रामलीला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें पांच विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों का मंचन कर अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में खेड़ी, बड़ौना कलां, प्यारेवाला, टोडा और फिरोजपुर के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
बच्चों ने संवाद अदायगी, भाव-भंगिमाओं और शारीरिक हाव-भाव के माध्यम से पात्रों को जीवंत करने का प्रयास किया। निर्णायक मंडल में निशा शर्मा, सेवा रानी, गुरसेवक सिंह और दविंदर गुप्ता शामिल रहे। उन्होंने भाषा, उच्चारण, संवाद प्रस्तुति, भाव-अभिव्यक्ति, आपसी तालमेल और आत्मविश्वास के आधार पर प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरपंच रोहित सैनी ने किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी संजू शर्मा, मुख्य अध्यापिका सुनीता कुमारी, मुख्य शिक्षिका सुमन देवी तथा शिक्षक मोहित शर्मा, शक्ति शर्मा, हरदीप सिंह, बलजीत सिंह, रुबिया रानी और रेनू बाला उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और भारतीय संस्कृति व धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिला।