एसएसपी को पत्र लिखकर कार्रवाई करने के निर्देश, 30 जुलाई तक मांगी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। फिल्लौर के गांव लसाड़ा के प्राइमरी स्कूल में एक अध्यापक की ओर से बच्चों को होमवर्क न करने पर बेरहमी से पीटने के मामले का पंजाब राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने संज्ञान लिया है।
आयोग ने एसएसपी जालंधर (ग्रामीण) को पत्र लिखकर नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के लिए लिखा है। इसके अलावा पत्र में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट 30 जुलाई तक देने के भी निर्देश दिए हैं।
पंजाब राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के चेयरमैन कंवरदीप सिंह ने बताया कि मीडिया में आई खबरों के अनुसार फिल्लौर के निकटवर्ती गांव लसाड़ा के सरकारी प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्चों द्वारा होमवर्क पूरा न करने पर वहां के अध्यापक ने बच्चों को थप्पड़ मारे और डंडों से पीटा। एक 8 साल और दूसरे 10 साल के बच्चे के साथ ऐसा किया गया है।
चेयरमैन ने बताया कि इस घटना का आयोग द्वारा स्वतः संज्ञान लिया गया है और इस संबंध में एसएसपी जालंधर (ग्रामीण) को मामले की जांच करके रिपोर्ट 30 जुलाई तक पेश करने के लिए लिखा गया है। पुलिस द्वारा रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।