चंडीगढ़। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सभी डीसी-एसपी से हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की जमीनी हकीकत जानेंगे। 24 मार्च को सुबह 11 बजे हरियाणा निवास में मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के डीसी और एसपी की बैठक बुलाई है। इस 16वीं राज्यस्तरीय बैठक में परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
मुख्य सचिव कार्यालय ने सभी डीसी और एसपी को पत्र लिखकर पूरी तैयारी के साथ आने को कहा है। संभावित के साथ एजेंडा की विस्तृत सूची भी सभी को भेजी जा रही है। मुख्यमंत्री मुख्य रूप से स्वामित्व योजना, जिला स्तर पर बनने वाले भूमि बैंक, ग्रामीण कॉमन लैंड एक्ट के तहत लंबित मामलों, मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान योजना, यूक्रेेन से नागरिकों की सुरक्षित वापसी, जिला विजिलेंस कमेटी, फसल मुआवजे का वितरण, परिवार पहचान पत्र के क्रियान्वयन के बारे में जानेंगे।
जिलों में भूमि बैंक बनाने को लेकर करनाल और गुरुग्राम के डीसी प्रस्तुतीकरण देंगे। यूक्रेन से विद्यार्थियों और अन्य नागरिकों की सुरक्षित वापसी के बारे में फरीदाबाद के मंडलायुक्त बैठक में बताएंगे। इसे लेकर डिजिटल प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान योजना के तहत अब तक कितने लोगों की आय 1.80 लाख तक पहुंचाने के लिए आर्थिक सहायता मुहैया कराई गई है, इस बारे में सभी जिलों के डीसी अपनी-अपनी रिपोर्ट देंगे।
बारिश व ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का कितना मुआवजा किसानों को मिल चुका है, कितना लंबित है, इसके बारे में भी ताजा आंकड़े डीसी को प्रस्तुत करने होंगे। लाल डोरे से कितनी जमीनें मुक्त हुईं और कितनी की रजिस्ट्री हो चुकी है, कितनी जगह विवाद सामने आए हैं, मुख्यमंत्री इस बारे में भी विस्तार से जानेंगे।